क्या है बुढ़ापा ? जिसकी कभी कल्पना भी ना की हो ,
ऐसा लगता है मानो ठहर ही गया हो आ के,साथ में ले आया है जाने कितने रोग ,
आँखों की कम रोशनी बालों की सफ़ेदी
दाँतों का दर्द या फिर टूटना
झुर्रियाँ चहरे व हाथों पर अविश्वसनीय सी होती त्वचा
थकान , उत्साह का कम से कमतर होना,
घुटनों का असहनीय दर्द
डॉक्टरों के यहाँ आवाजाही का बढ़ना
मुट्ठी मुट्ठी भर गोलियाँ खाने के बाद भी
पता नहीं दर्द कम होता है या नहीं ,
और कभी ले आता है गंभीर बीमारियों को ,बिना पाये न्योता ,
फिर तो रुपए फुर्र फुर्र उड़ने लगते हैं
ये टेस्ट वो टेस्ट , स्कैन तो ईको
एंजियोग्राफ़ी तो एंजियोप्लास्टी
ऐसे ऐसे नाम जो कभी सुने न हों अब ज़ुबान पर रखे होते हैं
दवाइयों के मुश्किल से मुश्किल नाम
अब दाल भात सब्ज़ी की तरह रटे हुए रहते हैं , खानों की अभिरुचि , और तरह तरह के कपड़ों की सुरुचि ,
जाने कहाँ हो जाती है रफ़ूचक्कर
ये सभी निम्न मध्यम या उच्च मध्यम वर्ग की है दास्तान
और इससे भी कठोर एक और पहलू है इस उम्र का ,
यह अकेला कर जाता है वृद्धों को
सूने घरों में औलादें नहीं होतीं
वे कब की निकल चुकी होतीं हैं अपने सुनहरे संसार की ओर ,
वृद्ध ठगा सा महसूस करते रहते हैं जब भी हिसाब लगाते हैं , क्या खोया क्या पाया ??
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें