सहेली
ऐसा नहीं कि कोई सहेली नहीं होती ,
बहुत सी होती हैं स्कूल में कॉलेज में
लेकिन छूटती चली जाती हैं वक़्त के साथ
और वैसे भी विवाहिता होते ही लड़की का छूट जाता है — बचपन , घर का आँगन , माता पिता का ममत्व
और भाई बहनों की अठखेली
क्योंकि एक अनजान घर और अनजान लोगों के बीच
वही होती है कुछ दिनों तक नई नवेली
फिर जाने क्यों हो जाती है निपट नितांत अकेली
संतान के आते ही उसके जीवन को मानो पंख से लग जाते हैं
भूली रहती है अपने आप को भी बरसों तक ,उनके युवा होते सपनों के साथ ,
फिर एक एक कर बन जाती है उनकी भी गृहस्थी ,
व्यस्तता में हर सीढ़ी अगली , फिर अगली ,
और वह अपने साथ रह जाती है बन कर अपनी ही सहेली
क्योंकि ख़ुद से अच्छी डाँट पिलाने वाली भी कोई नहीं
और ना ही लाड़ दुलार कर प्रशंसा करने वाली हमजोली ,
जो दिल खोल कर कर सके
ख़ुशी का इज़हार ,
विचारों का तालमेल बने जिससे
वो ही तो हुई ना पक्की सहेली ????
——— निरुपमा सिन्हा ————-
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें